पीलीभीत। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पहले चरण में डेढ़ किसानों का डाटा शुक्रवार शाम तक फीड कर सूची को लॉक कर दिया गया है। 24 फरवरी को गोरखपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योजना का शुभारंभ करते ही इन किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये की धनराशि पहुंच जाएगी। इसके बाद शेष किसानों के खाते में पैसा पहुंचाने की कवायद शुरू की जाएगी। जिले में सवा दो लाख से अधिक लघु व सीमांत किसानों को चिह्नित किया गया है। जिले के 1252 राजस्व गांव और 721 ग्राम पंचायतों में कृषि विभाग ने सत्यापन के बाद कुल करीब डेढ़ लाख किसानों को इस योजना में शामिल किया है। सत्यापन के बाद इनका डाटा मुख्यालय के कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में फीड कर दिया गया। यह काम यहां पिछले कई दिनों से रात दिन चल रहा है। कृषि सहित कई विभागों के अधिकारी इस काम में लगाए गए हैं। शेष करीब 75 हजार किसानों का भी सत्यापन कराया जा रहा है। कृषि उपनिदेशक अनिल तिवारी ने बताया कि पहले चरण के लिए करीब डेढ़ लाख किसानों की फीडिंग कर दी गई है। इन किसानों के खाते में इसी 24 तारीख को पहली किस्त के रूप में दो हजार रुपये की धनराशि पहुंचने का रास्ता साफ हो गया है। शेष बचे किसान दूसरे चरण में योजना का लाभ पाएंगे।