खेकड़ा (बागपत)।
बुधवार को क्षेत्र के ग्राम मुबारिकपुर में दोपहर करीब बारह बजे तीन लोग बैग में दवा लेकर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग से है और गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने आए हैं। ग्रामीणों ने पहले उन पर विश्वास कर शिविर लगवाया। बुखार ग्रस्त लोगों की जांच कर दवा की कुछ गोली देकर तीस रुपये प्रति मरीज से लेने पर कुछ ग्रामीणों को उन पर संदेह हुआ। कुछ समझदार लोगों ने जब उनसे स्वास्थ्य विभाग के संबंध में जानकारी करनी शुरू की तो वह घबरा गए। उन्होंने बताया कि वह अपने स्तर से ही शिविर लगाते हैं। साथ ही उनके पास कोई डिग्री भी नहीं है। इसका पता चलते ही ग्रामीणों ने उनसे ली दवा लौटा दी और रुपये वापस लेकर उन्हें खरी खोटी सुनाई और भविष्य में ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई कराने की चेतावनी देकर उन्हें भगा दिया।