बीसलपुर। बरेली रेाड के भड़रिया मोड़ पर रपटुआ नदी के निर्माणाधीन पुल के सामने खड़े 81 पेड़ों के काटे जाने का मामला अभी सुलझ नहीं सका है। दरअसल, वन विभाग ने पेड़ों का एस्टीमेट 11 लाख रुपये बनाकर दिया है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी इसे ज्यादा बता रहे हैं। इससे मामला उलझ गया है और पुल का निर्माण अटक गया है। पीडब्ल्यूडी बरेली रोड के भड़रिया मोड़ पर रपटुआ नदी पर पुल का निर्माण करा रहा है। पुल का निर्माण 50 प्रतिशत हो भी चुका है, लेकिन पुल के सामने रोड पर खड़े 81 पेड़ जब तक नहीं कटेंगे, तब तक पुल का निर्माण पूरा नहीं हो पाएगा। पेड़ वन विभाग के हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनिल राणा ने जब वन विभाग के प्रभागीय निदेशक (सामाजिक वानिकी) से पेड़ों को काटने की अनुमति मांगी तो उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को 11 लाख रुपये का एस्टीमेट थमा दिया। जब तक पीडब्ल्यूडी के अधिकारी वन विभाग को 11 लाख का भुगतान नहीं करेंगे, तब तक वन विभाग उन्हें पेड़ काटने का अनुमति नहीं देगा। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने एस्टीमेट ज्यादा बताकर फिलहाल इसे रोक दिया है। इस बाबत पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता सीताराम ने बताया कि वन विभाग से पत्राचार किया जा रहा है। बहुत जल्द मामला सुलझ जाएगा।