अभिषेक राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत। भुवनेश्नर में हुई 26वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में जिले के अभिषेक ने ऑटो रोटेटिंग सोलर पैनल का मॉडल प्रस्तुत कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का परचम लहराया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तत्वावधान में 27 दिसंबर को सोया यूनिवर्सिटी भुवनेश्वर में हुए कार्यक्रम में देश के अलावा दस एशियन और पांच खाड़ी देशों के करीब 800 बाल विज्ञानियों ने भाग लिया। जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक चंद्रपाल गंगवार ने बताया कि कार्यक्रम में राज्य स्तर पर चयनित हुए बेनहर पब्लिक स्कूल के कक्षा 11 के छात्र अभिषेक कुमार ने अपने मार्गदर्शक शिक्षक गुरसेवक सिंह ने हिस्सा लिया। अभिषेक द्वारा ऑटो रोटेटिंग सोलर पैनल का प्रदर्शन किया। अभिषेक ने अपने सोलर पैनल को इस तकनीकी से विकसित किया है कि जैसे-जैसे सूर्य घूमेगा, सोलर पैनल भी घूमता जाएगा। ऐसे में सोलर पैनल ज्यादा से ज्यादा सौर ऊर्जा को संचित कर विद्युत ऊर्जा पैदा कर सकता है। अभिषेक की इस उपलब्धि पर उसे मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समन्वयक ने बताया कि यदि अभिषेक के सोलर पैनल का कोई कंपनी सेलेक्शन करती है, तो उसे रॉयल्टी मिलने के साथ स्कॉलरशिप भी दी जाएगी।