खेकड़ा (बागपत)। अपर आयुक्त (हथकरघा) सुनील कुमार यादव ने कहा 45 वर्ष से ऊपर के पंजीकृत बुनकरों को पांच सौ रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। सोमवार को नगर की नाला पार बस्ती मे राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर मास्टर वीवर्स कापरेटिव सोसायटी के तत्वावधान में सोसायटी के अध्यक्ष इनाम खान के आवास पर बुनकरों की बैठक हुई। इसमें अपर आयुक्त हथकरघा परिक्षेत्र मेरठ सुनील कुमार यादव ने कहा सरकार बुनकरों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न लाभकारी योजनाएं चला रही है। साथ ही सरकार ने जो पंजीकृत बुनकर हैं। इनमें पैंतालीस वर्ष से ऊपर के सभी बुनकरों को प्रति माह पांच सौ रुपये देने की पेंशन योजना चालू की है, ताकि बुनकर आत्म निर्भर बन सके। उन्होंने बुनकरों से मनमोहक डिजाइन में वस्त्रों को तैयार करने को कहा। इसकी अध्यक्षता सोसायटी के अध्यक्ष मोहम्मद इनाम खान ने की। संचालन कलस्टर योजना के खेकड़ा अध्यक्ष साबिर अली ने किया। इसमें इलियास, बाबू अंसारी, जान मोहम्मद, इलियास, ताज मोहम्मद, महबूब, नौशाद, अरशद आदि रहे।