खेकड़ा (बागपत)।
बुधवार को सामाजिक संस्था नवोदय लोक चेतना कल्याण समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति बागपत के तत्वावधान में क्षेत्र के ग्राम फखरपुर और फिरोजपुर में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जादूगर शहंशाह ने अपनी कला के माध्यम से प्रचार प्रसार किया। साथ ही सभी से स्वस्थ रहने के लिये तंबाकू और धूम्रपान आदि को छोड़ने के लिए जागरूक कर सभी को तंबाकू और धूम्रपान से दूर रहने का संकल्प दिलाया। स्वास्थ्य विभाग की महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संतोष यादव ने तंबाकू नियंत्रण पर उससे होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के बारे में जानकारी दी। एएनएम दीपा ने टीकाकरण कराने के साथ ही तंबाकू छोड़ने की अपील की। इस दौरान नवोदय लोक चेतना कल्याण समिति के सचिव देवेंद्र धामा सहित काफी ग्रामीण मौजूद रहे।