परेवा वैश्य। पंद्रह साल से ग्राम बरहा विक्रम स्थित मणिस्थल पर रहने वाले अर्जुनपुरी दास (43) की परेवा माइनर में डूबकर सोमवार सुबह मौत हो गई। बरहा विक्रमपुर और भगा गांव के बीच सुबह नौ बजे ग्रामीणों ने नहर में शव उतराता देख चीख पुकार की। इसकी सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस व ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार मौके पर पहुंच गए। शव को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। प्रधान ने बताया कि अर्जुनपुरी दास मूल रुप से हिमांचल प्रदेश के रहने वाले थे। वह अक्सर भगा गांव जाया करते थे। सोमवार सुबह छह बजे भी कुछ ग्रामीणों ने उनको भगा गांव की ओर जाते देखा था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया। घटना को लेकर मौके पर भीड़ लगी रही।