पीलीभीत। भारत विकास परिषद की ओर से दो शिक्षकों और दो विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही इनरव्हील क्लब ऑफ पीलीभीत ने भी नौ शिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान अन्य कार्यक्रम भी हुए।
परिषद के अध्यक्ष सौरभ सक्सेना ने बताया कि परिषद के स्थायी प्रकल्प गुरु वंदन छात्र अभिनंदन की सम्मान शृंखला के अंतर्गत राम इंटर कॉलेज में दो शिक्षकों एवं दो छात्रों को विद्यालय और समाज में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र गंगवार का परिषद के वरिष्ठ सदस्य अनूप सहगल तथा अन्य सदस्यों ने पटका पहना कर अभिनंदन किया। इसके बाद अध्यापक डाॅ. धर्मेंद्र सिंह सब्बरवाल, प्रेमवती गंगवार तथा छात्र विशन कुमार, छात्रा अकसारा को शाल, ट्रॉफी तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा इनरव्हील क्लब ऑफ पीलीभीत की ओर से भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नौ शिक्षकों को सम्मानित किया गया। निदेशक सुजाता अग्रवाल, प्रिंसी अग्रवाल, स्वाति अग्रवाल का कार्यक्रम में सहयोग रहा। पूजा खंडेलवाल, शिल्पी अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।
जन जागृति मिशन के शिक्षक सदस्यों का सम्मान
पीलीभीत। जन जागृति मिशन की बैठक में संस्था से जुड़े शिक्षक सदस्यों का अभिनंदन किया गया। बैठक का शुभारंभ गणेश जी की वंदना से हुआ। सदस्यों ने भजन सुनाए तथा आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की।
अध्यक्ष डॉ.मिथलेश शर्मा तथा जिला प्रभारी डॉ.अरुंधती दीक्षित ने संस्था से जुडी शिक्षकों डॉ.रेनू सक्सेना, डॉ.शशिबाला गुप्ता, डॉ.नीरू सक्सेना, रेणुका, नीतू वर्मा तथा निर्मला गंगवार को टीका लगाकर, माल्यार्पण कर एवं दोशाला ओढ़ा कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मनोरंजक खेल खेले गए। डॉ.रेनू सक्सेना, निर्मला गंगवार, डॉ. शशिबाला गुप्ता, निशा सक्सेना, डॉ. नीरु सक्सेना, पूनम अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद