पीलीभीत। अब डग्गामार वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जाएगा। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने डग्गामार वाहनों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। शहर के असम चौराहे, नौगवां और छतरी चौराहे समेत शहर के कई अन्य स्थानों से डग्गामार बसें और अन्य कई छोटे-बड़े वाहन पूरनपुर, बीसलपुर, बरेली आदि धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। इनके संचालन से परिवहन निगम को प्रतिदिन लाखों रुपये की राजस्व हानि होती है। इसकी शिकायतें शासन स्तर तक पहुंचीं। इस पर प्रबंध निदेशक ने डग्गामार वाहनों को चिह्नित करने के निर्देश परिवहन निगम के अफसरों को दिए हैं। एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि चिह्नित करने के बाद एआरटीओ और पुलिस के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर डग्गामार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।