बीसलपुर। सहकारी क्रय विक्रय समिति की मंगलवार को हुई वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक (एजीएम) में दो करोड़ का बजट पास किया गया। इसके अलावा समिति हित से संबंधित कई प्रस्ताव भी पास किए गए। सर्वप्रथम पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। सचिव रामऔतार वर्मा ने पूरे वर्ष समिति के माध्यम से कराए गए कार्यों और आय-व्यय का लेखा जोखा पेश किया गया। बताया कि समिति को पिछले वर्ष एक लाख रुपये का लाभ हुआ है। आगामी वर्ष के लिए उर्वरक बिक्री, वेतन और अन्य सभी मदों के लिए दो करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। बैठक में समिति की बंद पड़ी राइस मिल, शीतगृह को पुन: चलाने, समिति के कुछ हिस्से पर अतिक्रमण हटवाने, अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई कराने, एक अप्रैल से समिति के माध्यम से तीन राजकीय गेहूं क्रय केंद्र संचालित कराने, समिति की आय बढ़ाने, समिति कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह समय से दिलाए जाने, समिति के जर्जर भवन की मरम्मत कराने और उर्वरक व्यवसाय बढ़ाने प्रस्ताव पास किए गए। बैठक की अध्यक्षता संचालक मंडल के अध्यक्ष भगवान सिंह गंगवार और संचालन समिति सचिव रामऔतार वर्मा ने किया। बैठक में अपर जिला सहकारी अधिकारी ज्ञान प्रकाश, सहकारिता विभाग के सहायक विकास अधिकारी करनसिंह, जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक राजीव गुप्ता, जिला सहकारी बैक बिलसंडा के प्रबधक सुरेंद्र गंगवार, पूरे तहसील क्षेत्र की सभी सहकारी समितियों के सचिव और संचालक मौजूद थे।