विकास भवन में सचिव और बाबू भिड़े, धमकी दी
पीलीभीत। एक बार फिर गुरुवार को विकास भवन में सचिव और बाबू आमने-सामने आ गए। दोनों एक दूसरे को खुद के रसूख की दुहाई देने से भी नहीं चूके।
बीसलपुर ब्लॉक के सचिव अंगनलाल गुरुवार दोपहर पिछले वित्तीय वर्ष के बोनस स्वीकृत के लिए डीपीआरओ के स्टेनो के कहने पर वरिष्ठ सहायक संजय तोमर के पास पहुंचे थे। सचिव के मुताबिक उन्होंने संजय तोमर को पंचायत विभाग के उपनिदेशक अभय कुमार शाही की ओर से बोनस स्वीकृत के लिए डीपीआरओ को जारी किया पत्र दिखाया। आरोप है कि पत्र देखते ही संजय तोमर का पारा चढ़ गया और निलंबित कराने की धमकी देते हुए कहा कि डीडी साहब से ही बोनस निकलवा लेना। कहासुनी के बीच दोनों आमने आमने-सामने हो गए। इस दौरान सचिव ने भी धमकी दे डाली कि वह रिश्वत लेते हुए संजय तोमर को रंगे हाथ पकड़वाकर निलंबित कराकर रहेंगे। इस मामले में संजय तोमर से बात की गई तो कहा गया कि यह तो होता ही रहता है। लिहाजा, पूरे मामले की शिकायत सचिव अंगनलाल ने डीएम, सीडीओ, डीडीओ व डीपीआरओ को पत्र भेजकर की है। डीडीओ एसके उपाध्याय का कहना है कि निश्चित ही इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो