खेकड़ा (बागपत)।
नगर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों ने खेकड़ा तहसील में प्रदर्शन कर अधिकारियों से कांशीराम आवास योजना में आवास का आवंटन कराने की मांग की।
खेकड़ा नगर के क्षेत्र के महिला और पुरुष मंगलवार को एकत्र होकर खेकड़ा तहसील में पहुंचे। वहां उन्होंने प्रदर्शन कर कहा कि वह अनेकों बार कांशीराम आवास योजना में आवास का आवंटन कराने की मांग को लेकर अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक मांग पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा आवास नहीं होने के कारणा उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से रहने के लिए स्थायी आवास दिलवाने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का निदान नहीं हुआ तो वह संबंधित अधिकारियों के कार्यालय के बाहर धरना देंगे। इस दौरान पप्पू, राजकुमार, सुंदर, सुमन, संगीता, साईस्ता, मुकेश, उर्मिला, शबनम, याकूब, इमरान आदि रहे।