पीलीभीत। सोमवार की देर शाम नकटादाना फीडर की 33 केवीए लाइन पर पेड़ की टहनी गिर जाने से आधे शहर की बिजली आपूर्ति लगभग डेढ़ घंटे तक प्रभावित रही। इनमें सरकारी कॉलोनियांं भी शामिल रहीं।
हल्की सी बारिश या फिर तेज हवाएं शहर की बिजली व्यवस्था को धड़ाम करने के लिए काफी हैं। हल्की आंधी या बारिश में शहर के विभिन्न मोहल्लों की बिजली गुल हो जाती है। सोमवार देर शाम चली तेज हवा में टहनी टूटकर लाइन पर गिर जाने से शहर के 10 हजार से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई। इसमें छतरी चौराहे से लेकर पुलिस लाइन, आवास विकास, बेनहर रोड स्थित विभिन्न कॉलोनी, केजीएन, संजय रॉयल पार्क समेत अन्य मोहल्लों की बत्ती गुल हो गई।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग डेढ़ घंटे बाद फाल्ट सही किया। इसके अलावा शहर के पंजाबियान, बागगुलशेर खां, पंजाबितयान, राजीव कॉलोनी, अशोक कॉलोनी, छोटा खुदागंज आदि मोहल्लों की बिजली प्रभावित होती रही। सोमवार को दिन में हुई बारिश के करण भी बिजली की जमकर कटौती की गई। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि टहनी पेड़ पर गिरने से तार टूट गया था। जिसे रात में ही सही करा लिया गया।