भाजपा प्रत्याशी अभिनेत्री हेमामालिनी के नामांकन के दूसरे दिन हेमा नाम की एक महिला ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया।
कल फिल्म स्टार और भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी भारी भीड़ के साथ नामांकन करने पहुंची थीं। आज सुबह सबसे पहले नौहझील की हेमा नामांकन दाखिल करने पहुंच गईं। चंद समर्थकों के साथ उन्होंने पर्चा दाखिल किया और अपने जीतने की बात भी कह रही थीं। यह हेमा नौहझील के गांव भूरीगढ़ी निवासी मलखन की पत्नी हैं। कलक्ट्रेट में अब तो दो-दो हेमा लड़ेंगी की चर्चा लोग करते नजर आए।
बताया जा रहा है कि कुछ लोग हेमामालिनी नाम की महिला की तलाश कर रहे हैं। उसका नामांकन कराने की तैयारी है।
कुछ लोगों की ख्वाहिश है कि ईवीएम में दो-तीन हेमा नाम नजर आ जाएं। यदि ऐसा हुआ तो चुनाव निशान की बात पर ही सबकी आस टिकेगी और नाम की उलझन बनी रहेगी।