नोएडा। नशीली चॉकलेट खिलाकर दो करोड़ रुपये कीमत के लैपटॉप व टेबलेट चोरी कर ले जाने वाले सिक्योरिटी गार्ड का पुलिस घटना के चौबीस घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस फरार गार्ड की तलाश सर्विलांस के जरिए कर रही है। खुद को मुरादाबाद का बताकर सिक्योरिटी कंपनी में भर्ती होने वाला गार्ड का असली पता एटा जिले का है। पुलिस चोरी गए लैपटॉप व टेबलेट की तलाश में दिल्ली के सबसे बड़े इलेक्ट्रानिक्स बाजार नेहरू प्लेस व पालिका बाजार पर भी अपने मुखबिराें का जाल फैला रही है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लैपटॉप खरीदने वाली कंपनियों के बारे में भी जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस को आशंका है कि गार्ड ने वारदात से पहले चोरी के माल को ठिकाने लगाने का इंतजाम पहले भी कर लिया होगा। चोरी का माल दिल्ली, गाजियाबाद या गुड़गांव में ही फिलहाल होगा। मालूम हो कि मंगलवार की रात को ई-33 सेक्टर-63 स्थित आईटी कंपनी में पांच दिन पहले ही भर्ती हुए सिक्योरिटी गार्ड नरेंद्र ने साथी दो गार्डों को नशीली चॉकलेट खिला कर लगभग दो करोड़ रुपये कीमत के लैपटॉप व टेबलेट चोरी कर ले गया।