शाहपुर। थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान निवासी 24 वर्षीय बेटे गौरव की पिटाई से मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही रहने वाले एक बाग मालिक पर पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया।
थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान निवासी बृजपाल उपाध्याय ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा गौरव शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे गांव के बाहर स्थित एक ट्यूबवेल पर नहाने गया था। जब वह दोपहर 12 बजे तक नहीं लौटा तो वह अपने दूसरे पुत्र सौरभ के साथ उसे तलाश करने लगा। दोपहर करीब 12 बारह बजे गौरव गांव में मिला तो उसकी हालत खराब थी। उसने बताया कि वह नहाने के बाद ट्यूबवेल के सामने गांव के ही यशपाल के बाग में बैठ गया था। इससे नाराज होकर यशपाल ने उसके साथ झगड़ा करते हुए मारपीट की। इतना कहकर उसका पुत्र जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
बृजपाल ने आरोप लगाया कि बाग मालिक ने उसके बेटे की पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़ित ने बाग मालिक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना पर पुलिस ने गांव में पहुंच कर जांच पड़ताल की और शव को मोर्चरी भिजवा दिया ।
सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।