- पुलिस ने आदर्श कॉलोनी में मारा छापा, क्यूआर कोड, ढक्कन, पव्वे बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। आबकारी टीम व नई मंडी पुलिस ने आदर्श काॅलोनी में अपने घर में अप मिश्रित शराब बना रहे एक आरोपी को पकड़ा है। मौके से भारी संख्या में क्यूआर कोड, देशी शराब के पव्वों के विभिन्न कंपनियों के बड़ी मात्रा में ढक्कन और पव्वे बरामद किए हैं।
आबकारी टीम व नई मंडी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि आदर्श कालोनी निवासी सन्नी अवैध अप मिश्रित शराब बनाकर उसे देशी शराब के पव्वों में भर कर बेचने का काम करता है। इसके बाद दोनों टीमों ने बताए गए मकान पर छापेमारी तो वहां एक युवक शराब को देशी शराब के पव्वों में भरता मिला। उसने भागने का प्रयास किया था, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पुलिस को मौके से दो कैन में 100 लीटर कच्ची शराब, 1038 देशी शराब की कंपनियों को ढक्कन, भारी संख्या में क्यूआर कोड, 36 खाली और दस भरे हुए पव्वे मिले।
आरोपी को पकड़ कर मंडी कोतवाली लाया गया। सन्नी से पूछताछ में बताया कि उसने चार पांच माह पहले यह शराब छपार निवासी दिनेश कर्णवाल पुत्र प्रेम चंद कर्णवाल से खरीदी थी। दिनेश अब से पहले भी शराब के मामले में जेल जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह ने कहा कि जिले में आबकारी व पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई शुरू की है। नई मंडी क्षेत्र के अलावा भोपा में आठ लाख की तस्करी की शराब बरामद कर दो आरोपियों को पकड़ा है। एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि आबकारी टीम व नई मंडी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया है। मादक पदार्थ की तस्करी, बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।