विषय विशेषज्ञों ने दिए बोर्ड परीक्षार्थियों को टिप्स
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए सभी विषयों की समय सारणी बनाना अति आवश्यक है। किसी भी विषय को रटकर याद करना सही विकल्प नहीं है। परीक्षा के दौरान रटकर याद किया हुआ भूल जाता है। पढ़कर, समझकर, लिखकर याद किया गया विषय भूल नहीं सकते। यदि अलग से भी कोई प्रश्न आ जाए तो उसका उत्तर भी आसानी से दिया जा सकता है।
बाबू सिंह स्मारक इंटर काॅलेज पमनावली चित्तौड़ा के प्रधानाचार्य पारस राम ने बताया कि हिंदी विषय उन छात्र-छात्रों के लिए कठिन है, जो समझने के साथ लिखकर नहीं पढ़ते। हिंदी को समझकर सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को अच्छे अंक प्राप्त होते है और वह डिवीजन बनाने में मददगार साबित होते है।
कुंद कुंद जैन इंटर काॅलेज की शिक्षिका नेहा जैन ने बताया कि भूगोल एक व्यापक विषय है। भूगोल में परिभाषाएं अवश्य ध्यान से याद करें। इस विषय का रटने के बजाय समझकर पढें, जिससे परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकें। समय सारणी बनाकर पढ़ने वाले विद्यार्थी सभी विषयों की आसानी से तैयारी कर लेते है।
सीताशरण इंटर काॅलेज के शिक्षक राजेश कुमार ने बताया कि प्रश्नोत्तर को क्रम में लिखना चाहिए। व्याकरण पर ध्यान दें। निबंध एवं पत्र लेखन की भाषा शैली स्पष्ट एवं तर्क संगत हो। उत्तर शब्द सीमा के अंतर्गत देने चाहिए। हिंदी विषय में सुंदर लेखन और तर्क संगत उत्तर अच्छे अंक प्राप्त करने का सरल साधन है।
कुंद कुंद जैन इंटर कॉलेज के शिक्षक नीरज शर्मा ने कहा कि इतिहास विषय जितना सरल लगाता है, उतना होता नहीं। इस विषय को याद करते समय लिखकर देखें। घटनाओं और उनकी तिथियों को याद रखें। इस विषय को यदि लगन से तैयार किया जाएं तो आसानी से याद हो जाता है।