योग सप्ताह की तैयारियों के लिए जिला पंचायत सभागार में हुई बैठक
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। अंतर राष्ट्रीय योग दिवस पर ‘हर घर आंगन योग’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 15 से 21 जून तक चलेगा। सोरम चौपाल और शुकतीर्थ घाट पर योग के कार्यक्रम होंगे। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि जीवन में योग का महत्व है।
कलक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में शनिवार को डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में योग सप्ताह की तैयारियों के लिए बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयुष विभाग, जिला पंचायत विभाग, नगर पालिका, नगर पंचायत सहित अन्य विभागों और योग से संबंधित संस्थाओं से अपील की गई। प्रभात फेरी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता समेत अन्य गतिविधियां कराए जाने के सुझाव दिए।
व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि कंपनी बाग, लाला जगदीश प्रसाद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज समेत सभी विद्यालयों में योग गतिविधियां कराई जाएगी। इसके अलावा हर दिन प्रभात फेरी समेत तमाम गतिविधियां होगी। उन्होंने कहा कि सोरम चौपाल, शुकतीर्थ घाट और वहलना के जैन मंदिर जैसी सार्वजनिक जगहों पर भी कार्यक्रम होंगे।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार, डीआईओएस गजेंद्र कुमार, बीएसए शुभम शुक्ला, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल, जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल सिंह मौजूद रहें।