- देर रात भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के साथ मुजफ्फरनगर पहुंचे पहलवान
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि पहलवान हौंसला रखें। पूरा देश खिलाडि़यों के साथ हैं। सर्वसमाज और सर्वखाप के लोग मिलकर पहलवानों की लड़ाई लड़ेंगे।
देर रात हरिद्वार से पहलवानों के मेडल लेकर सरकुलर रोड स्थित आवास पर लौटै भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि यह मेडल पहलवानों ने दिन-रात एक कर जीते हैं। इन मेडल में इतिहास छिपा हुआ है। खिलाडि़यों को संघर्ष करना चाहिए, इस तरह निराश होने की आवश्यकता नहीं है। देश असलियत समझता है। मामला सिर्फ पीडि़त को न्याय और दोषियों को सजा देने का है। सरकार से उम्मीद है कि जल्द से जल्द पहलवानों की पीड़ा को समझने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में न्याय मांग रहे पहलवानों के साथ गलत व्यवहार किया गया है। यह आवाज दबाने की कोशिश है, जबकि पहलवानों को न्याय चाहिए।
सिसौली से हरिद्वार पहुंच गए टिकैत
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत पहलवानों के हरिद्वार में होने की जानकारी मिली तो वह सिसौली से सोमवार की शाम रवाना हो गए। करीब साढ़े छह बजे टिकैत हरिद्वार में हर की पैड़ी पर पहुंचे। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि बमुश्किल पहलवानों को समझा बुझाकर मनाया गया है।
भाकियू के ये पदाधिकारी गए साथ
जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, गुल बहार, चरण सिंह, प्रमोद गुलिया, सतीश कुमार, हवा सिंह, संजीव खोखर, मनोज सहरावत भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के साथ हरिद्वार पहुंचे।
सर्वसमाज के सम्मान की लड़ाई : श्याम सिंह
गठवाला खाप के थांबेदार श्याम सिंह ने कहा कि यह सर्वसमाज के सम्मान की लड़ाई है। आखिरकार सरकार को इन पहलवानों की सुनवाई जरूर करनी चाहिए। खाप पंचायतें पहलवानों को इंसाफ दिलाने का काम करेगी। पहलवानों के सम्मान की लड़ाई लड़ी जाएगी।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री लें मामले का संज्ञान : राकेश टिकैत
मुजफ्फरनगर। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि मेडल देश और तिरंगे की शान है। सभी पहलवानों से अनुरोध है कि ऐसा कदम मत उठाओ। आपने अपने खेल से देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। हमारा राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से अनुरोध है कि मामले का संज्ञान लेकर पहलवानों से जल्द बातचीत करें और समाधान निकालें।
सोरम या सिसौली में बुलाई जाएगी पंचायत
पहलवानों के प्रकरण में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने पांच दिन का समय खिलाडि़यों से मांगा है। संभावना जताई जा रही है कि सिसौली या सोरम में जल्द ही पंचायत बुलाई जाएगी। सर्वखाप और सर्वसमाज की पंचायत में ही भविष्य की रणनीति तय होगी। इस पर बुधवार को अंतिम फैसला लिया जा सकता है।