मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र के गांव जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा बाल भिक्षावृत्ति व बालश्रम पर आधारित कार्यशाला का आयोजन किया गया। शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला प्रोबेशन अधिकारी मुशफेकीन, काउंसलर समृद्धि त्यागी, बाल संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी और निदेशक चाइल्ड लाइन पूनम शर्मा ने किया। वक्ताओं ने श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। छात्र-छात्राओं ने इन कुरीतियों पर विचार व्यक्त करने के साथ ही लघु नाटिका भी प्रस्तुत की। काउंसलर समृद्धि त्यागी ने बच्चों को स्वावलंबी बनने व मनोबल बढ़ाने के टिप्स दिए। चाइल्ड लाइन निदेशिका पूनम शर्मा द्वारा चाइल्ड लाइन की जानकारी देते हुए कहा कि यदि कोई बच्चा मुसीबत में फंसा है तो कोई भी 1098 पर कॉल कर जानकारी दे दे, तत्काल बच्चे को मदद मुहैया कराई जाएगी। कार्यक्रम में बच्चों को चाइल्ड लाइन द्वारा मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से अतिथियों को भी स्मृति चिह्न भेंट किए गए। अर्थव रघुवंशी, सिद्धार्थ सैनी, अन्नू राठी और नीतू मलिक को भी सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने सभी का आभार व्यक्त किया। कीर्तिवर्धन, चंद्रपाल सिंह, महेशपाल, कुलदीप सिवाच, अनिल शास्त्री, सुरेंद्र आचार्य, चंद्रवीर, आशीष शर्मा, गौरव मलिक, नितिन त्यागी, राखी देवी, आजाद सिंह और नितिन बालियान आदि का सहयोग रहा।