मुजफ्फरनगर। छपार निवासी महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने दहेज में ट्रैक्टर नहीं देने पर मायके में पहुंचकर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने दहेज अधिनियम और तीन तलाक की धाराओं में महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना छपार क्षेत्र निवासी शबाना की शादी हरिद्वार के थाना मंगलौर के गांव खेमपुर निवासी शाह आलम के साथ हुई थी। शादी में कई लाख रुपये खर्च किए गए। इसके बाद उसके परिवार में एक बेटे और बेटी ने जन्म लिया। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले शबाना को कम दहेज का ताना देकर उसका उत्पीड़न करते थे।
आरोप है कि शाह आलम की पूर्व में भी पुरकाजी में शादी हुई थी और शबाना से शादी के समय इस तथ्य को छिपाया गया। पहली पत्नी को भी आरोपियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया था। आरोपी परिवार शादी के बाद से अतिरिक्त दहेज में ट्रैक्टर की मांग करते रहे हैं। पीड़िता के साथ सभी आरोपी आए दिन बहाने बनाकर मारपीट करते रहे हैं।
कुछ दिन पहले घर आकर आरोपी ससुर मोहम्मद मुर्तजा, सास मकीना, जेठ तमरेज, जेठानी सामिन व देवर उस्मान ने मायके में आए और बताया कि उन्होंने शाह आलम की दूसरी शादी के लिए युवती देेख ली है। इसके बाद शाह आलम ने तीन तलाक दे दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।