- पति के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगा कर मुकदमा दर्ज कराया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के मोहल्ला कृष्णपुरी में एक महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। शव का अंतिम संस्कार करने के दौरान ससुराल व मायका पक्ष के लोगों में हंगामा व मारपीट हो गई। पुलिस ने पहुंच कर मामला संभाला। बाद में मायका पक्ष ने शव का अंतिम संस्कार किया। पति के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगा कर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
दक्षिणी सिविल लाइन निवासी मेघा की शादी 18 जनवरी 2017 में शादी लव कुमार वर्मा के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। लव कुमार अपने परिवार के साथ कृष्णापुरी में रहता है। बताया गया कि सोमवार को महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से वार्ता के बाद शव पति के सुपुर्द कर दिया। आरोप है कि रीति रिवाज के अनुसार शव दोपहर के समय घर न ले जाकर सीधे श्मशान घाट पर ले जाया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए वहां पहुंचे मायका पक्ष के लोगों ने हंगामा कर दिया। श्मशान घाट पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
सूचना पर सीओ सिटी राम आशीष यादव शहर कोतवाली पुलिस के साथ वहां पहुंचे। पुलिस ने मामला संभाला। सीओ सिटी ने बताया कि शव को मायका पक्ष के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। शव को मुखाग्नि मृतका के बेटे ने दी है। मायके पक्ष ने पति लव कुमार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। हंगामा व मारपीट के मामले में दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे है। तहरीर भी दी है। पुलिस जांच कर रही है।