छपार। प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की आरोपी महिला को पुलिस ने आठ माह बाद गिरफ्तार किया है। चार अप्रैल की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजोपुरा के जंगल में हाइवे के निकट एक टयूबवेल पर एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। उसकी पहचान सलमान निवासी जनपद मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट मोहल्ला अहमदनगर के रूप में हुई। मृतक के भाई नौशाद ने मोहल्ले के ही पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस जांच में मृतक की पत्नी सुमायला व उसके प्रेमी वसीम उर्फ खटमल सहित छह आरोपी सामने आए थे। पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को बिजोपुरा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया था। एक जून को एक आरोपी साकिब मुठभेड़ में घायल हो गया था। पुलिस ने उसके साथी साहिल उर्फ अमान को भी पकड़ा था। थाना पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी सुमायला प्रेमी सहित वांछित चल रही थी। पुलिस ने महिला को शुक्रवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।