गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और अलीगढ़ की चार निर्माण कंपनियों ने निविदा डाली थी
प्रहरी एप ने गाजियाबाद की बिड़ खारिज कर दी, कंपनी ने शिकायती पत्र भेजा
अन्य कंपनियों ने एक दूसरे के कागजों में त्रुटि बताते हुए जताया है एतराज
अब निविदा खोलने के लिए चारों कंपनियों से लोक निर्माण विभाग ने जवाब मांगा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। मुजफ्फरनगर-थानाभवन मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया कंपनियों की शिकायतों में फंस गई है। गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और अलीगढ़ की चार निर्माण कंपनियों ने निविदा डाली थी। प्रहरी एप ने गाजियाबाद की बिड़ का खारिज कर दी थी। अब निविदा खोलने के लिए चारों कंपनियों से लोक निर्माण विभाग ने जवाब मांगा है।
शासन ने 31 मार्च को मुजफ्फरनगर के पीनना से शामली के थानाभवन की सीमा तक चौड़ीकरण के लिए 51.47 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया था। विभाग ने करीब 15 दिन पूर्व ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए थे। गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और अलीगढ़ की चार निर्माण कंपनियों ने निविदा डाली थी। 15 जून को तकनीकी निविदा खोली गई। उसमें प्रहरी एप ने गाजियाबाद की कंपनी की बिड़ खारिज कर दी। कंपनी ने निविदा निरस्त करने के एप के निर्णय को गलत ठहराते हुए विभाग को चिट्ठी भेजी।
इसके बाद उनकी निविदा विचार के लिए प्रक्रिया में शामिल की गई। इस कार्य की निविदा 21 जून को खुलनी थी। मगर, अन्य कंपनियों ने एक दूसरे के कागजों में त्रुटि बताते हुए एतराज कर दिया। इस वजह से निविदा नहीं खुल सकी। चौड़ीकरण की जद में आने वाले पेड़ों को काटने के लिए सर्वे का कार्य निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग और वन निगम के साथ पेड़ों की गणना के बाद कटाई कराई जाएगी। निविदा प्रक्रिया मंजूरी की प्रक्रिया में सहमति नहीं बनने पर पत्रावली शासन को भेजी जाएगी।
सात मीटर चौड़ा बनेगा मार्ग
मार्ग काे सात मीटर के स्थान पर 10 मीटर बनाया जाएगा। इस मार्ग से पुरकाजी, मुजफ्फरनगर एवं थानाभवन विधान सभा क्षेत्र के लोग भी लाभान्वित होंगे। फिलहाल कई महीनों से यह मार्ग बदहाल है। बृहस्पतिवार को लोनिवि के अधिकारियों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष गर्ग के साथ चरथावल रामलीला मैदान में शिलान्यास के लिए प्रस्तावित सभा स्थल का मुआयना किया। कार्यक्रम 28 जून को कराने की तैयारी है। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गड़करी और लोनिवि मंत्री जितिन प्रसाद के शामिल होने की संभावना है।
सुलहनामा से निविदा को मंजूर कराने का प्रयास
लोक निर्माण विभाग खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता नीरज सिंह ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया में आई शिकायतों के लिए संबंधित कंपनियों को पत्र भेजकर जवाब मांगा है। चार कंपनियों की निविदा है। सुलहनामा से निविदा को मंजूर कराने का प्रयास किया जा रहा है। यदि बात नहीं बनीं तो पत्रावली शासन को भेजी जाएगी। समाधान जल्द हो जाएगा। चौड़ीकरण का प्रस्ताव पीनना से शुरू होकर मुजफ्फरनगर सीमा में कादरगढ़ तक होगा। शामली जिले में कादरगढ़ से थानाभवन तक अवशेष सड़क बनने से रह जाएगी। इसकी लंबाई करीब पांच किमी है।