- ओवरलोड वाहनों के दौड़ने से गड्ढों में तब्दील हो गया मुख्य मार्ग
- सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन में है लंबित
- तीन विधानसभा क्षेत्र के करीब 50 गांवों को झेलनी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। ओवरलोड वाहनों के दौड़ने से थानाभवन और मुजफ्फरनगर मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील होने लगा है। इस मार्ग से तीन विधानसभा क्षेत्र के करीब 50 गांवों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री डा. संजीव बालियान की ओर से शासन को चौड़ीकरण का प्रस्ताव भिजवाए कई महीने बीत चुके है। मगर, मंजूरी नहीं मिलने से परेशानी बढ़ रही है।
मुजफ्फरनगर-चरथावल-थानाभवन मार्ग इन तीनों विधानसभा के गांवों का मुख्य मार्ग माना जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों के बाद नवंबर में दधेडू से थानाभवन तक गड्ढे भर दिए गए थे। शनि धाम से दधेडू चेकपोस्ट तक सड़क को पूरा निर्माण हो गया था। मगर, मुजफ्फरनगर मार्ग पर न्याजूपुरा पुल के पास फ्लाईओवर पर सड़क पूरी तरह उखड़ गई है। दधेडू में दोनों गांवों में खड़ंजा मामूली बरसात में जर्जर बन गया है। बिरालसी से थानाभवन तक सड़क अधिकांश खस्ताहाल बन चुकी है। यहां करीब चार किलोमीटर की सड़क में गड्ढे मुश्किल बढ़ा रहे है।
चरथावल से वाया थानाभवन होकर शामली, सहारनपुर केे अलावा हरियाणा राजस्थान जाने के लिए भी यह मार्ग मुफीद माना जाता है। मुख्य मार्ग पर पड़ने वाले गांव लकडसंधा, सलेमपुर, दधेडू, चरथावल, बिरालसी, अकबरगढ़, कादरगढ़ आदि गांवों में सड़कों पर अतिक्रमण होने से मार्ग पर संकरा और क्षतिग्रस्त हो रहा है। क्षेत्रवासी इस सड़क के चौड़ीकरण की आस लगाए बैठे है। पूर्व चेयरमैन सुधीर सिंघल, सतेंद्र त्यागी, नगलां राई के यमन कुमार, चरथावल के सुभाष चंद, आदेश कुमार आदि का कहना है इस मार्ग के बनने से व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेगी और विकास होगा।
ओवरलोड वाहनों पर लगे अंकुश
बलवाखेड़ी के रामभूल सिंह, मोहम्मद तनवीर, राजू गर्ग, सुशील कुमार का कहना है कि ओवरलोड वाहन सड़क को क्षतिग्रस्त कर रहे है। निर्धारित वजन से तीन गुणा वजन लेकर द़ौड़ रहे गन्ने के ट्रक राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रहे है। रोजाना सड़कों पर हादसे की आशंका रहती है।
मौसम साफ होने पर भरवाएंगे गड्ढे
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एसके पोसवाल ने बताया शनिवार को मंत्री डा. संजीव बालियान ने बैठक में इस मार्ग के निर्माण मुद्दा प्राथमिकता से रखा है। उनके निर्देशों पर प्रस्ताव के लखनऊ पूर्व में भेजे गए प्रस्ताव की मंजूरी के बारे में वार्ता हुई है। इस मार्ग को केंद्रीय सड़क अनुदान से मंजूरी मिलने की बहुत जल्द उम्मीद है। मुख्य मार्ग पर बने गड्ढों को मौसम साफ होने पर भरवा दिया जाएगा।
चरथावल-थानाभवन मार्ग पर जगह-जगह बनें गड्ढें
चरथावल-थानाभवन मार्ग पर जगह-जगह बनें गड्ढें
चरथावल-थानाभवन मार्ग पर जगह-जगह बनें गड्ढें