संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा को स्थापित करने के लिए गए स्थल के ऊपरी भाग में उपले भरे होने की शिकायत पर जांच में सही पाई गई। ठेकेदार ने उपले निकलवा कर मलबा हटवा दिया।
मेन चौक पर क्षेत्रीय विधायक राजपाल बालियान ने पूर्व के कार्यकाल में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थापित कराई थी। जिसका अनावरण तीन मार्च 2008 को तत्कालीन रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने किया था। गत वर्ष नगर पंचायत की ओर से कस्बे के मेन चौक के सौंदर्यीकरण कराने को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा के पास ही दूसरी जगह स्थापित कराने के लिए एक स्थल बनाया था। मगर, राजनीतिक कारणों के चलते नए स्थल पर प्रतिमा स्थापित नहीं हो सकी थी। एक पखवाड़े पूर्व क्षेत्रीय विधायक राजपाल बालियान को पता चला कि इस स्थल के ऊपरी भाग में उपले भरे हुए हैं। उन्होंने इसकी शिकायत डीएम से की। डीएम की ओर से कराई गई जांच में आरोप सही पाए गए। शुक्रवार को ठेकेदार ने आनन फानन में मिस्त्री और मजदूर भेज कर स्थल की सफाई करा दी।