चरथावल। जय हिंद इंटर कॉलेज में चार दिन तक स्कूल नहीं आने की वजह पूछने पर कक्षा 11 के छात्र ने शिक्षक के साथ मारपीट कर दी। शिक्षकों में आक्रोश फैल गया। प्रबंधक और शिक्षकों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को चौकड़ा गांव का कक्षा 11 का छात्र कई दिन बाद अपने अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचा था। शिक्षक ने उससे वजह पूछी। आरोप है कि इस पर छात्र ने शिक्षक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की सूचना के बाद स्कूल परिसर में शिक्षक इकट्ठा हो गए। उन्होंने छात्र पुलिस को सौंप दिया। बाद में प्रबंधक आकाश त्यागी के साथ करीब दो दर्जन शिक्षक थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी छात्र एवं उसे अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर सभी शिक्षकों ने तहरीर पर हस्ताक्षर कर पुलिस को सौपी।
उधर, प्रबंधक ने बताया छात्र ने शिक्षक के साथ की गई हरकत शर्मनाक है। इससे शिक्षकों का मनोबल गिरता है और गुरु-शिष्य परंपरा को चाेट पहुंचती है। शिक्षकों ने कहा कि यदि कोई कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करना पड़ेगा। वहीं, पुलिस ने बताया छात्र की उम्र 14 वर्ष है। स्कूल में दो दिन के अवकाश बाद प्रबंध कमेटी और शिक्षकों की बैठक होगी। उसमें जो निर्णय होगा, उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्र को ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में देकर घर भेज दिया है।