- किसानों ने तीन दिन तक चीनी मिल को बंद करने की दी चेतावनी
- पांच तक मांगा पूर्ण भुगतान, छह को डीएम कार्यालय में गन्ना डालने का ऐलान
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो समाचार
बुढ़ाना। भैसाना चीनी मिल के गन्ना भवन के गेट पर किसानों की ओर से किए गए वेल्ड को तोड़ने की सूचना से धरनास्थल पर बैठे किसानों के बीच नाराजगी फैल गई। मिल के गन्ना प्रबंधक भी किसानों के बीच धरनास्थल पर पहुंच गए। वक्ताओं ने कहा कि तीन दिन तक चीनी मिल नहीं चलने दी जाएगी। तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान ने कहा कि छह नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय पर गन्ना लेकर जाएंगे।
भाकियू पदाधिकारियों ने 16 अक्तूबर को गन्ना भवन के मुख्य द्वार को वेल्ड कर बंद कर दिया था। बुधवार शाम करीब तीन बजे किसानों को पता चला कि चीनी मिल के अधिकारियों ने गन्ना भवन के द्वार पर किए गए वेल्ड को कटवाकर कार्यालय खुलवा दिया है। इससे उनमें रोष व्याप्त हो गया। गन्ना प्रबंधक शिव कुमार त्यागी किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि गन्ना भवन के मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ है। उन्होंने किसानों को मुख्य द्वार वेल्डिंग करवाने का आश्वासन दिया। घटना से नाराज किसानों ने हंगामा व प्रदर्शन किया।
भाकियू के तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान ने कहा कि मिल प्रशासन की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सबकी सहमति से लिए गए निर्णय के अनुसार उन्होंने कहा कि छह से आठ नवंबर तक चीनी मिल नहीं चलने दी जाएगी। पांच नवंबर तक पूर्ण भुगतान नहीं हुआ तो छह नवंबर को क्षेत्र के किसान अपना गन्ना लेकर डीएम कार्यालय पर जाएंगे।
इस मौके पर भाकियू के ब्लाॅक अध्यक्ष संजीव पंवार, विकास त्यागी, मंडल सचिव सतेंद्र, बबलू, सोनू काबा, जितेंद्र बालियान, पवन राठी, इसरार, तैमूर अली राणा, महक सिंह, ओमपाल, पिंटू व साहब सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुभाष त्यागी तथा संचालन विकास त्यागी ने किया।