शुकतीर्थ के घाट पर होगा साप्ताहिक योग
मुजफ्फरनगर। जिला गंगा समिति की बैठक में डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि गंगा घाट शुक्रताल में साप्ताहिक योग कार्यक्रम होना चाहिए। गंगा की स्वच्छता में जनमानस का सहयोग भी लें।
कलक्ट्रेट सभागार में सामाजिक वानिकी प्रभाग ने जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की। जिसमें डीएम ने कहा कि गंगा की स्वच्छता हम सबका दायित्व है। उन्होंने शुकतीर्थ के समग्र विकास कार्यों की समीक्षा की। चल रहे विकास कार्यों की प्रगति के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि शुक्रताल घाट पर साप्ताहिक योग का आयोजन होना चाहिए। एसटीपी प्लांट की प्रगति में तेजी लाई जानी चाहिए। बैठक में प्रदूषण विभाग को शुक्रताल घाट पर साप्ताहिक अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए। गंगा सेवा समिति को शुक्रताल घाट पर साप्ताहिक योग आयोजित करने तथा विकास प्राधिकरण को शुकतीर्थ के समग्र विकास कार्यों को करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विभाग कन्हैया लाल पटेल, सदस्य गंगा सेवा समिति और सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।