साढ़े सात हजार स्क्वायर मीटर भूमि की होगी जरूरत
जल निगम की ओर से नगर में सर्वे शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। जल निगम की ओर से नगर में करीब तीस करोड़ की लागत से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। इसके लिए जगह की तलाश की जा रही है। सर्वे शुरू कर दिया गया है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगने के साथ ही बरसात के दिनों में नगर में होने वाले जलभराव से भी नागरिकों को मुक्ति मिल जाएगी।
खतौली में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाने के लिए कवायद शुरु हो गई है। जल निगम के जेई अरविंद कुमार ने बताया कि प्लांट लगाने के लिए सर्वे किया जा रहा है। इसके लिए नगर पालिका से साढ़े सात हजार स्क्वायर मीटर भूमि उपलब्ध कराएने की मांग की गई है। लेवल सर्वे के अलावा नालों की सैंप्लिंग की गई है। बताया कि नगर में पहले से ही डाली गई सीवर लाइन चोक है, नई सीवर लाइन भी डाली जाएगी। नगर के बड़े नाले को भी दुरुस्त कराया जाएगा। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में अनुमानित तीस करोड़ रुपये की लागत आएगी। एक माह में डीपीआर तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। शासन से धन अवमुक्त होते ही कार्य शुरु करा दिया जाएगा। प्लांट का कार्य पूर्ण होने के बाद इसे नगर पालिका के हैंडओवर किया जाएगा।
खेतों की सिंचाई भी की जाएगी
खतौली नगर के गंदे पानी से कूड़े को अलग कर दूसरे नाले में इसके पानी को डाला जाएगा। साफ पानी से खेतों की सिंचाई होगी।
वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही जमीन मिल जाएगी। - जीत सिंह राय, एसडीएम