हिंडन नदी के पास स्थित कई मकानों में आई दरार, गिरने के कगार पर
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना/ पुरकाजी। शनिवार की रात हुई बारिश से बुढ़ाना कस्बे के पुराने बस अड्डे के पास स्थित राणा बिल्डिंग की दीवार गिर गई। इसके अलावा हिंडन नदी के पास के कई मकानों में भी दरार आ गई। उधर, गांव धमात और डूंगरपुर में मकानों की छत गिर गई।
राणा बिल्डिंग की दीवार नगर पंचायत के बड़े नाले से सटी हुई है। बिल्डिंग के मालिक अनूप राणा अपने परिवार सहित यहीं पर रहते है। इसी के पास दूसरी तरफ हिंडन नदी के पास स्थित कस्बा निवासी इरशाद, दिलशाद, नूर आलम, मांगी, इकराम, सईदा पत्नी सीदा, अकबर व तहसीन कुरैशी आदि के मकानों में दरार आ गई। मकान मालिकों ने बताया कि निरीक्षण करने के लिए कोई भी अधिकारी नहीं आया।
फुगाना थाने के गांव डूंगर में ग्रामीण सचिन के मकान का बीम टूटने से छत गिर गई। परिवार बाल-बाल बच गया। ग्राम प्रधान संदीप ने बताया कि मकान की छत गिरने से सचिन का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मकान के अंदर रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, वाशिंग मशीन व पशुओं के चारे काटने की मशीन टूट गई। सूचना ग्राम प्रधान ने उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को दी है।
-
धमात में कच्चे मकान की छत गिरी
पुरकाजी। गांव धमात में मजदूर शकील अहमद के मकान की छत गिर गई। घर में रखा हजारों रुपये का घरेलू सामान मलबे में दब जाने से खराब हो गया। एसडीएम सदर परमानन्द झा ने बताया कि पीड़ित के मकान का निरीक्षण कर फाइल तैयार की जा रही है। पीड़ित परिवार को नुकसान का मुआवजा दिलाया जाएगा।