रतनपुरी क्षेत्र में हादसे में क्षतिग्रस्त बस।
- फोटो : KHATAULI
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। देहरादून से दिल्ली जा रही वॉल्वो बस बुधवार की रात बुढ़ाना अंडरपास पर कार को ओवरटेक करने के प्रयास में ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में वॉल्वो बस अनियंत्रित होकर सड़क की रेलिंग से टकराकर रुक गई। बस चालक और परिचालक सहित कई यात्री घायल हो गए। ट्रैक्टर ट्रॉली सवार पुरबालियान निवासी चार युवक भी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
देहरादून डिपो की वॉल्वो बस बुधवार रात दिल्ली के लिए चली थी। बस में 18 यात्री सवार थे। देर रात करीब एक बजे नेशनल हाईवे पर बुढ़ाना अंडरपास पर वॉल्वो बस आगे चल रही कार को ओवरटेक करने के प्रयास में ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। इससे अनियंत्रित हुई बस सड़क के दूसरे किनारे पर लगी रेलिंग से टकराकर बमुश्किल रुकी। बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे के वक्त अधिकांश यात्री बस में सोए हुए थे। हादसे में चालक रुड़की निवासी मोहम्मद सारिक, परिचालक जुल्फान और हेल्पर आदिल घायल हो गए। इनके अतिरिक्त बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आई।
दुर्घटना में बस की टक्कर लगने से ट्रैक्टर चालक सतीश पुत्र हरदेवा और ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार अर्जुन, रोहताश पुत्रगण हरदेवा और सुंदर पुत्र नरेश निवासीगण गांव पुरबालियान, थाना मंसूरपुर भी घायल हो गए। घायलों को मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। घायल बस चालक और परिचालक एवं अन्य यात्रियों को पुलिस ने एंबुलेंस से खतौली के सेंट फ्रांसिस अस्पताल में भर्ती कराया। सभी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस में बैठाकर गंतव्य की ओर रवाना किया गया। चालक मोहम्मद सारिक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।