नगर में लॉकडाउन के दौरान रोडवेज से पैदल गुजरते राहगीर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बुढ़ाना/पुरकाजी। डीएम सेल्वा कुमार जे ने कोरोना महामारी की गंभीरता को देखते हुए जनपद में रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की थी। यह जानकारी कस्बा और देहात की जनता को मिली। पड़ोसी जनपद वासियों को मुजफ्फरनगर के संपूर्ण लॉकडाउन की जानकारी नहीं मिल सकी। जिस कारण गैर जनपदों से आने वाले ग्रामीण परेशान रहे। सोमवार को साप्ताहिक बंदी होने के कारण ही दूसरे जनपदों के देहातों से सामान की खरीदारी करने कस्बे में आए ग्रामीण परेशान रहे। दूसरे जनपदों से आने वाले वाहनों को पुलिस दिनभर रोकती रही। सड़क पर भीड़ बढ़ती देख पुलिस वालों को मजबूरी में ट्रैफिक खोलना पड़ा। इसके अलावा गंभीर बीमारी के कारण कस्बे में आने वाले मरीज मेडिकल स्टोर और निजी चिकित्सकों के क्लीनिक के बाहर चक्कर काटते दिखाई दिए। इसके अलावा पुरकाजी में एसडीएम सदर दीपक कुमार ने पुलिस के साथ पूरे कसबे और क्षेत्र का भ्रमण किया। कस्बे में खादर तिराहा व बस स्टैंड और अन्य चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा हाईवे से वाहनों और पैदल गुजरने वाले लोगों को पूछताछ करने के बाद ही जाने दिया गया। उधर, देहात क्षेत्र से बाजार आए रामपाल, समर सिंह, सुंदर लाल, आरिफ अहमद, मौहम्मद इस्तखार आदि ग्रामीणों को बाजार बंद होने के कारण खरीदारी किए बिना ही वापस लौटना पड़ा।