रास्ते से बुग्गी हटाने को लेकर ग्रामीण पर हमला
मुजफ्फरनगर, चरथावल। थाना क्षेत्र के गांव कुटेसरा निवासी जगपाल बृहस्पतिवार शाम खेत से पशुओं के लिए भैंसा-बुग्गी में अगोले भरकर लाया । घर के बाहर बुग्गी खड़ी कर वह अगोले उतारने लगा। इसी दौरान वहां से बाइक लेकर गुजरे दूसरे वर्ग के दो युवकों ने जगपाल को बुग्गी हटाने को कहा, इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि दूसरे वर्ग के बाइक सवार युवकों ने फोन कर कई लोगों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने आते ही लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से जगपाल व उसके परिजनों पर हमला कर दिया। महिलाओं के साथ भी जमकर मारपीट की गई, इससे अफरातफरी मच गई। सूचना पर कुटेसरा चौकी प्रभारी एसआई शिवकुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों का उपचार कराकर आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसओ ने कहा तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।