- मुख्यमंत्री के सामने आवारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग भी रखी गई
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। भाजपा किसान मोर्चा की ग्राम परिक्रमा यात्रा के पहला पड़ाव फिरोजपुर बांगर गांव में हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने किसानों के मन की बात सुनी और समाधान का भरोसा भी दिया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने पर किसानों ने खुशी जताई। गांव का माहौल राममय नजर आया।
ग्राम प्रधान के पति राजकुमार ने गांव फिरोजपुर को शुकतीर्थ विकास परिषद से जोड़ना, सोलानी नदी पर पुल निर्माण, शुकतीर्थ के परिक्रमा मार्ग मोरना से बहुपुरा-फिरोजपुर होते हुए दुर्गाधाम शुक्रताल तक सड़क का चौड़ीकरण कार्य कराने की मांग रखी। किसान योगेश चौधरी ने चीनी मिल मोरना की गन्ना पेराई क्षमता वृद्धि कराए जाने की मांग रखी। ग्रामीण प्रवेंद्र कुमार ने कहा कि गंगा खादर क्षेत्र शुकतीर्थ के निकट गर्ल्स डिग्री कॉलेज या तो सरकार बनाकर दे या अनुदान दे। बाढ़ से किसानों की फसल नष्ट हुई है। इसलिए ग्रामीण छात्र-छात्राओं की फीस भी नहीं भर पा रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने गरीब असहाय लोगों के लिए केंद्रीय विद्यालय खुलवाए हैं। जिसमें निःशुल्क शिक्षा एवं रहन-सहन की व्यवस्था की गई है।
यह मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने मीरापुर में युवाओं के लिए स्टेडियम का निर्माण होना, शुकतीर्थ को नगर पंचायत बनाया जाना, मेरठ-प्रयाग एक्सप्रेस वे को मेरठ से शुकतीर्थ होते हुए हरिद्वार तक बनाए जाने, शुकतीर्थ बिहारीगढ़ रावली घाट से बिजनौर गंगा पुल का निर्माण, युसुफपुर चौराहे से तिस्सा गांव तक सड़क का निर्माण एवं शुकतीर्थ में कार्तिक गंगा स्नान मेले को लेकर 1000 बीघा भूमि अधिग्रहण कराए जाने को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया है।
छुट्टा पशुओं का मुद्दा भी उठा
गांव फिरोजपुर में जनसंवाद चौपाल कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पैदल चलकर गांव के मुख्य मार्ग से पहुंचने पर किसान वीरपाल बालियान को देख सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम राम कर कुशलता पूछी। किसान ने छुट्टा पशुओं से खेत में खड़ी गेहूं, सरसों, बरसी आदि की फसलों के नुकसान को रोकने की मांग रखी। जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्द निवारण कराए जाने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने बरसाए फूल
योगाचार्या प्रीति आर्य के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूर्व प्रधान सरोज पाल ने तिलक किया। वहीं इलमवती, रज्जो देवी, बीरमती, ओमवती, बाला, निर्मला, चमनो, छवि, पिंकी, पलक, प्राची, शिवांकी, साक्षी, आसू, रेणु ने पुष्पवर्षा की।