- केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के काफिले पर हमले के बाद तैनात है पुलिस
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव मढ़करीमपुर में भाजपा प्रत्याशी डाॅ. संजीव बालियान के काफिले पर पथराव की घटना के बाद गांव में पुलिसबल तैनात है। मंगलवार को अर्द्धसैनिक बलों ने पैदल मार्च किया। गांव में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। मतदान के दौरान गांव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। उधर, पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
मंगलवार को गांव मढ़करीमपुर के अलावा आसपास के गांव टबीटा, टिटौड़ा में एसडीएम अपूर्वा यादव और सीओ यतेंद्र नागर के साथ अर्द्ध सैनिक बल के जवानों ने पैदल मार्च किया। गांव मढ़करीमपुर में हुई पथराव की घटना के बाद से ही गांव में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है तथा गांव में पुलिस बल तैनात है। पैदल मार्च के दौरान एसडीएम ने लोगों से संवाद करते हुए चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव में शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह था मामला
गांव मढ़करीमपुर में भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान शनिवार रात ग्राम प्रधान के आवास पर चुनावी सभा करने के लिए गए थे। भाजपा प्रत्याशी जब सभा कर रहे थे तो उनके काफिले की गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंके गए। नारेबाजी भी की गई थी। दस से अधिक गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। सुरक्षाकर्मियों ने बालियान को गांव से निकाला था। इस दौरान पूर्व विधायक विक्रम सैनी की गाड़ी भी तोड़ दी गई थी। पथराव में तीन युवक घायल हैं, जबकि सात को मामूली चोटें लगी थी।
एसडीएम ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया
फोटो समाचार
खतौली। एसडीएम अपूर्वा यादव ने पैदल मार्च के दौरान तीनों ग्रामों मढ़करीमपुर, टबीटा, टिटौड़ा के मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान गांव मढ़करीमपुर में उन्होंने ग्राम प्रधान राकेश कुमार तथा विभाग के अन्य कर्मचारियों से मतदान केंद्र में साफ सफाई कराए जाने, बिजली एवं पानी की व्यवस्था दुरुस्त कराए जाने के लिए कहा। उन्होंने मतदान केंद्र के एक कमरे में पड़ी मिट्टी को उठवा कर कमरा साफ कराए जाने के निर्देश दिए। संवाद