बुढ़ाना। अलीपुर अटेरना गांव के बिजलीघर पर तैनात विद्युत निगम के जेई ने कसेरवा निवासी ग्रामीण से विद्युत कनेक्शन स्वीकृत के लिए रिश्वत मांगी। रिश्वत न मिलने पर उसे कनेक्शन नहीं दिया गया। ग्रामीण ने जेई को रिश्वत देते हुए उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई। जेई की रिश्वत लेते हुए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया। ग्रामीण ने डीएम को भी शिकायती पत्र भेजकर जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के गांव कसेरवा निवासी नावेद चौधरी ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह स्वास्थ्य जन सेवा ट्रस्ट कसेरवा का अध्यक्ष है। उसने बताया कि उसके गांव के मोमीन ने घरेलू कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि घरेलू कनेक्शन के लिए पहले ग्रामीण से चार हजार रुपये लिए गए। एक सप्ताह बाद 10 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये दिए गए। उसकी एक वीडियो बनाई गई है। जिसे वायरल किया गया है। वायरल वीडियो में ग्रामीण जेई को रिश्वत देता हुआ दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी को भी इस संबंध में शिकायती पत्र दिया गया है। रिश्वत लेने के आरोपी जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।