आरोपी सभासद प्रत्याशी के खिलाफ भाजपा प्रत्याशी ने दी पुलिस को तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। निकाय चुनाव के दौरान एक सभासद प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी के लिफाफे में 500 रुपये का नोट रखकर वीडियो वायरल कर दी। इससे भाजपा नेताओं में रोष फैल गया। भाजपा प्रत्याशी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी भारत भूषण खुल्लर की ओर से मतदाताओं की वोटर पर्चियां अपने नाम के एक लिफाफे में डालकर घरों पर भेजी गई थी। आरोप है कि बुधवार को एक पूर्व सभासद एवं वार्ड सभासद प्रत्याशी ने पर्ची का लिफाफा हासिल कर उसमें 500 रुपये का नोट डालकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस हरकत से भाजपा नेताओं में रोष व्याप्त हो गया।
भाजपा प्रत्याशी भारत भूषण खुल्लर ने मामला जानकारी में आते ही सभासद प्रत्याशी अजीम अहमद के विरुद्ध थाने पर तहरीर देकर चुनाव में छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।