तमंचा लहराते हुए युवक की वीडियो वायरल
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र में सोशल मीडिया पर मंगलवार को एक युवक के दो वीडियो वायरल हुए हैं। इन दोनों वीडियो में एक युवक तमंचे लहराते हुए नजर आ रहा है, जिसे किसी अन्य व्यक्ति द्वारा मोबाइल से बनाया गया है। उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वीडियो में कैद युवक क्षेत्र के गांव कुरथल निवासी बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक उक्त युवक आए दिन अपने इस तरह के असलहा के साथ वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर वायरल करता रहता है, ताकि गांव में उसका रौब बना रहे। ग्रामीणों ने उक्त युवक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले में सीओ बुढ़ाना विनय गौतम का कहना है कि युवक गांव कुरथल निवासी बताया जा रहा है, जिसे चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।