मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने मेरठ रोड स्थित पुराने आरटीओ भवन के सामने बाइक सवार दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से शस्त्र बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में उनके पास से बरामद बाइक चोरी की निकली। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम रवि कुमार पुत्र अतर सिंह निवासी तारापुर, थाना हस्तिनापुर मेरठ, कुनालपाल पुत्र महिपाल निवासी अवध विहार, मुजफ्फरनगर बताए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अंबा विहार से चोरी की चार बाइक व एक स्कूटी बरामद की। यहीं से पुलिस ने अलमासपुर निवासी विवेक पाल पुत्र विजयपाल को अवैध शस्त्र के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग अपने साथी मनीष पुत्र राजकुमार निवासी हस्तिनापुर के साथ मिलकर विभिन्न जनपदों में वाहन चोरी कर कबाड़ी को बेच देते हैं। पकड़े ना जाएं इसलिए चोरी के वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते हैं। पुलिस ने उनके पास से दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया।