संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। सीएमओ कार्यालय परिसर के रेड क्रॉस सभागार में शनिवार को यूनिसेफ के सहयोग से ब्लॉक रेस्पॉन्स टीम के सदस्यों का नियमित टीकाकरण एव ग्रामीण स्वास्थ्य पोषण दिवस के लिए अभिमुखीकरण का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। टीकाकरण के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए बनाए गए प्लान के अनुसार कार्य करें।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ शरण सिंह ने बताया कि यह टीके 12 प्रकार की बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं, जिसमें टीबी, पोलियो, हेपेटाइटिस-बी, डिप्थीरिया, टिटनेस, मीजिल्स परट्यूटिस (काली खासी), रूबेला, जेई (दिमागी बुखार), निमोनिया, वायरल डायरिया, इन्फ्लुएंजा आदि शामिल हैं। निजी अस्पतालों में जहां इन बीमारियों से बचाव के लिए महंगे दामों पर टीके लगवाने पड़ते हैं। वहीं सरकारी अस्पतालों में यह टीके पूरी तरह से नि:शुल्क उपलब्ध हैं। इस मौके पर डॉ. राजीव निगम, डॉ. अरविंद पंवार, डॉ. शरण सिंह, डॉ. दिव्या वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह, डॉ. शमशेर आलम, प्रदीप कुमार शर्मा, इमरान खान, मदन कुमार, हिमांशु, संदीप पुंडीर आदि मौजूद रहे।