परिजनों ने डाक्टरोंं पर लगाया लापरवाही बरतने का आरोप
पुलिस के समझाने पर परिजन बिना कार्रवाई शव को ले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कच्ची सड़क स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों ने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर परिजन बिना कार्रवाई शव को साथ लेकर चले गए।
मदीना काॅलोनी निवासी महिला को प्रसव पीड़ा होने पर उसके परिजनों ने बृहस्पतिवार की शाम को कच्ची सड़क स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। देर शाम महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। कुछ देर बाद ही महिला की हालत खराब हो गई। डाक्टरों ने महिला को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उपचार के लिए महिला को मेरठ ले गए। वहां एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद ही महिला की मौत हो गई।
डाक्टरों ने परिजनों को बताया कि डिलीवरी के दौरान ज्यादा रक्तश्राव होने के कारण महिला की मौत हुई है। तब परिजन शव को लेकर कच्ची सड़क स्थित निजी अस्पताल पहुंचे और शव रख कर हंगामा शुरू कर दिया। डाक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया। इस सूचना पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने परिजनों को समझाया और तहरीर देने के लिए कहा। सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि परिजन शव लेकर लेकर चले गए थे। उन्होंने तहरीर भी नहीं दी।