संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना/ ककरौली। नवजात बच्ची की मौत पर परिजनों ने महिला चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। वहां पहुंचे भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। क्षेत्र में चल रहे फर्जी चिकित्सालयों की जांच कराए जाने की मांग रखी।
थाना भोपा क्षेत्र के गांव रुड़कली निवासी आस मोहम्मद की पत्नी नूरजहां का बेहड़ा सादात में एक महिला चिकित्सक के यहां शुक्रवार रात प्रसव हुआ था। महिला ने बच्ची को जन्म दिया तथा कुछ घंटों बाद ही बच्ची की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि महिला चिकित्सक की लापरवाही से नवजात बच्ची की मृत्यु हुई है। मौके पर भाकियू तोमर के कार्यकर्ता पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर क्लीनिक के सामने धरने पर बैठ गए। भाकियू तोमर के जिला महामंत्री मोहम्मद रिहान ने कहा कि क्षेत्र में डिलीवरी कराने वाली बिना डिग्री वाली फर्जी महिला चिकित्सकों की बाढ़ आ गई है। इन पर कार्रवाई होनी चाहिए।
धरना देने वालों में भाकियू तोमर के तहसील प्रभारी तमरेज आलम, जिला महामंत्री मोहम्मद रिहान, जिला सचिव इरशाद, दिलशाद, सिबली, शानू व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।