मंसूरपुर । मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में युवक के लिंग परिवर्तन को लेकर हंगामा हो गया। परिजनों ने डॉक्टर और पुलिसकर्मियों पर तमाम आरोप लगाए। पीड़ित परिवार के समर्थन में भाकियू कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। दिन भर चले हंगामे के बाद सीओ ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद रात करीब नौ बजे धरना समाप्त हो गया।
शाहपुर क्षेत्र के सांझक गांव का रहने वाला युवक भोपा रोड स्थित पेपर मिल में मजदूरी करता था। यहां पर उसकी पहचान सोरम गांव निवासी युवक से हो गई। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे। पिछले दो साल से दोनों के बीच गहरी मित्रता चली आ रही थी।
आरोप है कि दोस्त ने पांच जून को सांझक के युवक को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और छह जून को चिकित्सकों ने लिंग परिवर्तन के लिए उसका आपरेशन कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवक का कहना है कि होश आने पर उसने अपने परिजनों को बताया। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया, लेकिन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया।
बुधवार को पीड़ित परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इस दौरान भाकियू के प्रदेश महामंत्री श्यामपाल चेयरमैन, प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज पहलवान भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इसके बाद नाराज भाकियू कार्यकर्ता मेडिकल कॉलेज के बाहर धरने पर बैठ गए। लगभग पांच घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। बाद में सीओ रामाशीष यादव ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद रात करीब नौ बजे भाकियू का धरना समाप्त हो गया। इस मौके पर नीरज बोपड़ा, अंकित राठी, रणधौल राठी, नीटू राठी व अहमद त्यागी मौजूद रहे।
पीड़ित ने लगाया कुकर्म का आरोप
मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने उसके साथ कुकर्म भी किया। उसके खाते से जबरन रुपये भी निकाल लिए। इतना ही नहीं गलत तरीके से उसका ऑपरेशन करा दिया गया। पीड़ित की ओर से मंसूरपुर थाने में तहरीर दी गई है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने कुकर्म करते हुए वीडियो बना ली थी। उसे डराया गया। यही नहीं तंत्र मंत्र भी किया गया।
कानून के दायरे में किया ऑप्रेशन : सीएमएस
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ.कीर्ति गोस्वामी का कहना है कि कानून के दायरे में ही डॉ. रजा ने युवक का ऑपरेशन किया है। इसका साक्ष्य मेडिकल कॉलेज के पास हैं। ऑपरेशन से पहले दूसरे संस्थानों की मेडिकल टीम से युवक की काउंसिलिंग भी कराई गई थी। इसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध है। कॉलेज की तरफ से हर नियम का पालन किया गया है।
परिजनों से लिखित शिकायत ली जा रही है। मामले में जांच की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी-राम आशीष यादव, सीओ खतौली।