एसडीएम संजीव कुमार को ज्ञापन देतीं सुल्तानपुर बास्तम गांव की महिलाएं
- फोटो : DEVBAND
देवबंद । सुल्तानपुर बास्तम गांव में राशन डीलर चुनाव के दौरान जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर गलत तरीके से राशन डीलर का चयन करने का आरोप लगाया। मामले में बास्तम गांव की महिलाओं ने एसडीएम संजीव कुमार को ज्ञापन देकर चयन को गलत बताते हुए इसको निरस्त करने की मांग की।
सुल्तानपुर बास्तम गांव की महिलाओं एसडीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि शुक्रवार को गांव में राशन डीलर का चुनाव आमसभा द्वारा होना था। जिसमें गांव के दो पक्ष अनीता पत्नी प्रवेश और सपना पत्नी अंकुश राशन डीलर पद पर नियुक्ति के लिए खड़े थे। आमसभा में सहमति से ज्यादा संख्या में ग्रामीणों ने अनीता के पक्ष में हाथ खड़े किए। आरोप है कि इसके बावजूद भी ग्राम प्रधान ने नियमों की अनदेखी कर गलत तरीके से सपना को राशन डीलर घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां तक दी गईं। ग्रामीणों ने एसडीएम से मामले की जांच कराकर सपना का चयन निरस्त करने की मांग की है। एसडीएम संजीव कुमार का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं, ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने ग्रामीणों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि नियमों का पालन करते हुए ही राशन डीलर का चुनाव किया गया है।