मतदाताओं की लंबी कतारें
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में नगरीय निकायों में हुआ 71 प्रतिशत मतदान
सहारनपुर जिले के 12 नगरीय निकायों में बृहस्पतिवार को मतदान शांतिपूर्ण रहा। सभी निकायों में 9,15,160 मतदाताओं में से 71 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। सबसे अधिक मतदान 76.45 प्रतिशत सरसावा में और सबसे कम 52.52 प्रतिशत नगर निगम में हुआ। मतदान में जिले के महापौर, अध्यक्ष, पार्षद एवं सदस्य पदों के 1493 उम्मीदवारों चुनावी रण में हैं। किस के सिर ताज सजेगा, इसका परिणाम मतगणना होने पर 13 मई को आएगा।
प्रतिष्ठापूर्ण नगरीय निकायों के चुनाव में बृहस्पतिवार को 1493 प्रत्याशियों के जीत हार का फैसला ईवीएम और मतपेटियों में बंद हो गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। मतदाताओं ने सुबह सात बजे से मतदान करना शुरू किया। पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लाइन लग गई। सुबह सात बजे से नौ बजे तक जिले के 14 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले। सुबह नौ बजे से पूर्वाह्न 11 बजे के बीच मतदान 14.03 फीसदी बढ़कर 28.02 प्रतिशत तक पहुंच गया। सबसे अधिक मतदान पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे के बीच हुआ। इस बीच जिले में मतदान का प्रतिशत 17.63 बढ़कर 45.65 फीसदी हो गया। अपराह्न एक बजे से तीन बजे तक मतदान प्रतिशत में 11.08 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। तीन से पांच बजे के बीच 10.05 प्रतिशत मतदान हुआ। पांच बजे तक जिले के सभी नगरीय निकायों में मतदान का प्रतिशत बढ़कर 67.23 फीसदी तक पहुंच गया। शाम छह बजे तक जिले में करीब 71 प्रतिशत मतदान तक पहुंच गया।
एक नजर में नगर निकायों के प्रत्याशी-
निकाय महापौर / अध्यक्ष पार्षद/ सदस्य
नगर निगम 08 397
नगर पालिका देवबंद 23 159
नगर पालिका नकुड 06 100
नगर पालिका गंगोह 07 85
नगर पालिका सरसावा 06 92
नगर पंचायत अंबेहटा पीर 12 92
नगर पंचायत चिलकाना 02 31
नगर पंचायत रामपुर मनिहारान 04 121
नगर पंचायत नानौता 05 70
नगर पंचायत बेहट 08 73
नगर पंचायत छुटमलपुर 18 116
नगर पंचायत तीतरों 07 51
योग 106 1387
मतदान केंद्र पर मतदाता
- फोटो : अमर उजाला
जानिए बिजनौर जिले कितने फीसदी हुआ मतदान
बिजनौर में निकाय चुनाव में मतदाताओं ने वोट डालने में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई है। कारण कोई भी हो वर्ष 2017 के निकाय चुनाव के सापेक्ष इस बार बिजनौर नगर पालिका में 9.05 प्रतिशत मतदान कम हुआ है। इस बार हुए चुनाव में सबसे कम मतदान नजीबाबाद में 50.25 प्रतिशत, दूसरे नंबर पर बिजनौर 50.37 प्रतिशत हुआ। फिर किरतपुर और नहटौर पालिका में मतदान कम हुआ।
इसके अलावा इस बार चांदपुर पालिका में पिछले चुनाव के सापेक्ष 0.4 प्रतिशत व स्योहारा पालिका में 0.6 प्रतिशत मतदान ज्यादा हुआ है।
जनपद की नगर पालिका परिषद
पालिका - वर्ष 2017 में प्रतिशत - 2023 में वोट प्रतिशत
बिजनौर - 59.42 - 50.37
चांदपुर - 59.35 - 59.75
धामपुर - 63.08 - 61.97
नगीना - 61.66 - 59.77
नजीबाबाद - 54.32 - 50.25
हल्दौर - 76.64 - 68.68
किरतपुर - 59.37 - 55.04
नूरपुर - 64.72 - 62.76
नहटौर - 61.24 - 60.01
स्योहारा - 64.12 - 64.72
अफजलगढ़ - 68.06 - 68.04
शेरकोट - 66.42 - 63.31
जनपद की नगर पंचायत
नगर - वर्ष 2017 में वोट प्रतिशत - 2023 में वोट प्रतिशत
झालू - 70.03 -- 66.43
बढ़ापुर - 65.02 -- 62.93
मंडावर - 65.15 -- 61.96
सहसपुर - 71.64 -- 68.81
जलालाबाद - 68.76 -- 62.82
साहनपुर - 69.05 -- 65.28
मतदाताओं की लंबी कतारें
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर जिले की सभी दस निकायों में 57.24 प्रतिशत मतदान
मुजफ्फरनगर जिले की दो पालिका और आठ नगर पंचायतों के मतदाताओं का फैसला मतपेटी में बंद हो गया। शहर सीट पर सबसे कम सिर्पु 50.18 प्रतिशत वोट पड़े, जबकि सबसे बड़ी नगर पंचायत बुढ़ाना में सबसे ज्यादा 74.55 प्रतिशत मतदान हुआ। सिसौली में रालोद और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक भिड़ गए। मारपीट में एक युवक घायल हो गया। मतदान के बाद कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है।
बृहस्पतिवार को मुजफ्फरनगर और खतौली पालिका के अलावा नगर पंचायत चरथावल, पुरकाजी, बुढ़ाना, शाहपुर, सिसौली, जानसठ, मीरापुर और भोकरहेड़ी के लिए मतदान हुआ। मतदाता सुबह सात बजे से ही बूथों पर पहुंचने शुरू हो गए थे। निकायों में उत्साह का माहौल रहा। लोकतंत्र के पर्व में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक की भागीदारी रही। महिलाओं ने उत्साह के साथ मतदान किया।
शहर सीट पर सिर्फ 50.18 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 421420 मतदाताओं में से 211491 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। खतौली पालिका में 40803 मतदाताओं ने वोट डाले। सबसे अधिक मतदान बुढ़ाना नगर पंचायत में हुआ। इसके अलावा शाहपुर, चरथावल, जानसठ और भोकरहेड़ी के मतदाताओं ने खूब उत्साह दिखाया।
एडीजी राजीव सभरवाल, प्रेक्षक रणवीर प्रसाद, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी और एसएसपी संजीव सुमन ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। कुल 195 वार्ड के 210 मतदान केंद्र और 698 मतदेय स्थल पर मतदान कराया गया। जिले में 647590 मतदाताओं में से 370672 मतदाताओं ने वोट डाले।
दोनों पालिकाओं पर भारी पड़ी नगर पंचायतें
मतदान में जिले की दोनों नगर पालिकाओं पर नगर पंचायतें भारी पड़ गई। शहर पालिका में 50.18 और खतौली पालिका में 64.63 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि नगर पंचायतों में मतदान का प्रतिशत 70 प्रतिशत से ऊपर ही रहा।