- शामली रोड स्थित नदी पुल पर किया प्रतिमा का अनावरण
- केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान भी हुए कार्यक्रम में शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। देश के लिए बलिदान देने वाले शहीद प्रशांत शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। बेटे की प्रतिमा देख माता-पिता और परिवार के सदस्यों की आंखें भर आई। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
नगर के शामली रोड स्थित नदी पुल पर सोमवार को शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। स्मारक पर सुबह परिवार ने हवन पूजन किया, इसके बाद प्रतिमा का अनावरण किया। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, पूर्व विधायक प्रमोद ऊटवाल, सपा नेता राकेश शर्मा जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी कर्नल राजीव चौहान और बिजनौर से आए कैप्टन एके गुप्ता ने परिवार के लोगों के साथ हवन में आहुतियां दीं। उसके बाद शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा कि प्रशांत शर्मा ने देश की सुरक्षा के लिए शहादत दी है, यह युवा वर्ग के लिए प्रेरणा देगी। इस मौके पर शहीद के भाई निशांत शर्मा, भाभी हिमानी, रामपाल शर्मा, ब्रजपाल शर्मा, राजपाल और गौरव पंवार मौजूद रहे।
इनसेट
प्रतिमा देखते ही भर आईं आंखें
शहीद की प्रतिमा को देखते ही सभी की आंखें नम हो गईं। वहीं, परिवार के लोग रोने लगे। प्रशांत शर्मा के माता-पिता और भाई के आंसू नहीं थमे। ऐसे में हर किसी की आंखें नम हो गई। इसी बीच भारत माता की जय के नारे लगाए गए।
पुलवामा में शहीद हुआ था प्रशांत शर्मा
मुजफ्फरनगर का लाल प्रशांत शर्मा 29 अगस्त 2020 को पुलवामा में शहीद हुआ था। पुलवामा के जथुरा गांव में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में जवान शहीद हो गया था। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया था। शहीद मूल रूप से बागपत जिले के गांव बिजरौल का निवासी है। फिलहाल वह शहर के बुढ़ाना मोड स्थित ग्रां खांजापुर में रहते हैं।