मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार सावेद (23) व उसकी बहन शबनम (30), भांजा भूरा (7), भांजी रिया (2) घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने मामा-भांजे को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल बहन को हायर सेंटर रेफर किया है।
नई मंडी कोतवाली के मोहल्ला सुभाष नगर में अयूब अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा सावेद (23) भोपा क्षेत्र के गांव बेहड़ा थ्रू ससुराल से अपनी बहन शबनम (23) व उसके सात वर्षीय बेटे भूरा व दो वर्षीय बेटी रिया को लेकर बाइक पर आ रहा था। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर पचैंडा से बागोवाली की तरफ चलते हुए पीछे से तेज गति से आए एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार सावेद व उसकी बहन व उसका बेटा-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।