एसएसपी कार्यालय पर पहुंचे रोहाना के लोग
- पुरकाजी विधायक के साथ एसएसपी से मिले युवक के परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। रोहाना कला निवासी दीपक की मौत के मामले में दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया गया हैं। परिजनों ने पुरकाजी के विधायक अनिल कुमार के साथ एसएसपी कार्यालय पर पहुंच कर शिकायत की। एसएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसएसपी संजीव सुमन को दीपक के पिता धर्मपाल ने बताया कि उनके बेटे से गांव के ही एक युवक के साथ उसका रिश्तेदार मिला था। दोनों ने आईपीएल डिस्टलरी शुगर मिल रोहाना में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दीपक सहित नौ लोगों से बारह लाख रुपये ले लिए गए, लेकिन किसी की नौकरी नहीं लगी। एक अप्रैल को रुपये वापस मांगने पर दीपक की दोनों युवकों के साथ कहासुनी हो गई थी। तब सभी लोगों को तीन अप्रैल को नौकरी ज्वाइन कराने का आश्वासन दिया।
आरोप लगाया कि दो अप्रैल को दीपक को दोनों आरोपी युवक दावत के बहाने बुलाकर ले गए। उसी दिन देर शाम दीपक को मरणासन्न हालत में आरोपी युवक उनके घेर में डालकर फरार हो गए। देखने वाले लोगों को आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। अस्पताल ले जाने पर दीपक को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तहरीर देने पर भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। एसएसपी संजीव सुमन ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।